

भारत स्टार न्यूज़
प्रशान्त सहाय(सवांददाता)
श्री बंशीधर नगर:
गोसाईं बाग मैदान में झामुमो द्वारा नामांकन रैली का आयोजन किया गया। पार्टी उम्मीदवार अनंत प्रताप देव के नामांकन रैली में सीएम हेमंत सोरेन भी शरीक हुए। इस दौरान रैली को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि बाबा बंशीधर नगर की नगरी में वे पहला चुनावी सभा कर रहे हैं। बंशीधर महोत्सव को मेरी सरकार ने राजकीय महोत्सव का दर्ज दिया। बाबा बंशीधर का आशीर्वाद उन्हें जरूर मिलेगा। सीएम ने कहा कि दुबारा सत्ता में आते ही भवनाथपुर में पावर प्लांट लगाया जाएगा। उन्होंने पहले कार्यकाल में प्लांट का आधारशिला रखा था। लेकिन कुछ विषम परिस्थितियों के कारण प्लांट नहीं बन सका था। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में विकास की ऐसी लकीर खींची है कि उसे गिनाना मुश्किल है। मईया सम्मान योजना से हर घर को लाभ हुआ है। दिसंबर से इसकी राशि ढाई हजार रुपए हो जायेगा। वहीं अगली बार हर महिलाओं को साल में एक लाख रुपए दिया जाएगा। लेकिन भाजपा के लोग अब लोगों से फॉर्म भरवा रहे हैं। लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं। फॉर्म मुस्लिम और मिशनरीज को नहीं बल्कि सिर्फ आरएसएस के लोगों को भरा जा रहा है। सिर्फ हिन्दू मुस्लिम कर सत्ता प्राप्त करने का उनका यह तरीका है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने यहां के गरीबों को मिलने वाले आवास को चुनावी राज्यों में देने का काम किया। हम नाक रगड़ते रहे लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। इसके बाद भी अबुआ आवास बड़े पैमाने पर दिए गए। कहा कि भाजपा के लोग सत्ता के भूखे हैं। 5 साल सत्ता से दूर रहने के दौरान हमें काफी परेशान किया। मुझे 5 साल सोने नहीं दिया। सत्ता के लिए धन बल का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश में लगे हैं। लेकिन यहां की जनता इस चुनाव में भी उन्हें सबक सिखाएगी। इस दौरान सीएम ने निष्पक्ष चुनाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा वोटों की चोरी करती है। कही वोट का समय बढ़ाने तो कही घटाने की कोशिश कर रही है। ईवीएम में भी गड़बड़ी की जा सकती है। सभी लोगों को चौकस रहना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुचक्र को खत्म करने के लिए हमलोगों ने इंडिया गठबंधन बनाया है। यहां भी ताहिर अंसारी और अनंत प्रताप देव एक होकर भाजपा के मंसूबों पर पानी फेरने में लगे हैं।
इस दौरान झामुमो उम्मीदवार अनंत प्रताप देव, पूर्व विधायक राज राजेंद्र प्रताप देव, ताहिर अंसारी, सोगरा बेगम, झामुमो अनुमंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, सूर्यदेव मेहता, लल्लू राम, कामता प्रसाद, रमेश चंद्रवंशी, अमरनाथ पांडेय, अमर राम, बबलू पांडेय, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी सहित कई लोग मौजूद थे।
